एक बार फिर मुसीबत में घिरे पाकिस्तान की मदद के लिए चीन आगे आया है। टिड्डियों के हमलों का सामना कर रहे पाकिस्तान में चीन ने एक लाख बत्तखों की फौज भेजने का फैसला किया है। स्थानीय अखबार निंगो इवनिंग के से मिली जानकारी से अनुसार चीन के पूर्वी प्रांत झेजिआंग से टिड्डियों का सफाया करने वाली वाली बत्तखें पाकिस्तान भेजी जा रही हैं।
एक बत्तख एक दिन में खा सकती है 200 टिड्डे
यह दावा है कि एक दिन में एक बत्तख करीब 200 टिड्डियों को खा सकती है। अनुमानतः चीनी अधिकारियों को उम्मीद है कि बत्तखों की यह फौज एक दिन में ही दो करोड़ के करीब टिड्डियों का सफाया कर सकती है। निंगो इवनिंग नामक अखबार में यह दावा किया गया है कि दो दशक पहले चीन के उत्तर-पश्चिमी इलाके में भी टिड्डियों ने भयानक हमला कर दिया था, तब भी बत्तखों की मदद से ही चीन ने मुसीबत से छुटकारा पाया था।
कीटनाशकों की तुलना में काफी सस्ता
कृषि तकनीक शोधकर्ता लू लीझीका के अनुसार, बत्तखों का प्रयोग जहरीले कीटनाशकों की तुलना में काफी सस्ता पड़ता है और इससे खेती को भी कोई नुकसान नहीं होता। साथ ही इनका उपयोग पूरी तरह प्राकृतिक है। मुर्गियों के मुकाबले बत्तखें तीन गुना ज्यादा टिड्डियां खा सकती हैं।
भारत से भी माँगा था सहयोग
पाकिस्तान ने टिड्डियों से छुटकारा पाने के लिए इससे पहले भारत से भी सहयोग मांगा था। ऐसे हालत में भारत ने भी पाक को निराश नहीं किया। टिड्डियों से निपटने की रणनीति तय करने के लिए दोनों देशों के बीच अभी तक पांच दौर की बातचीत भी हो चुकी है।
पिछले साल भी पाकिस्तान में टिड्डियों ने रबी फसलों पर 20 साल बाद सबसे खतरनाक हमला किया था जिसमे पाकिस्तान की हजारों एकड़ की फसल बर्बाद हो गई थी। पाकिस्तान में फसलें बरबाद करने के बाद टिड्डियों ने सीमा पार कर भारत में भी प्रवेश कर लिया था। लेकिन अत्याधुनिक तकनीक और जमीनी स्तर पर विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की वजह से भारत टिड्डियों को सीमावर्ती जिलों में ही रोकने में सफल रहा था।