खैरागढ़. युवा प्रयासों के साथ न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब एक बार फिर उठकर खड़ा हो रहा है। आग़ामी 4 सितम्बर से 6 सितम्बर तक प्रेसिडेंट क्लब फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। ऐतिहासिक फतेह मैदान में होने जा रहे आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पुराने पोल को मजबूती के साथ लगवाया जा रहा है। अन्य तैयारियां भी की का रही हैं । आयोजन को लेकर क्लब के युवा कोच तौकीर कुरैशी ने बताया कि मुख्य रूप से 8 टीमों के बीच नॉक आउट टूर्नामेंट खेला जाएगा। जिसमें विजयी टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी। और इन्हीं के बीच फिर सेमी फाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे।
खैरागढ़ से खेलेंगी 2 टीमें
प्रतियोगिता में न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब की 2 टीमें हिस्सा लेंगीं। वर्तमान में कोच तौकीर के निर्देशन में ही 100 से अधिक कम उम्र और 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी मैदान में खेल रहे हैं। जो नियमित रूप से प्रैक्टिस करते हैं।
पहले से ज्यादा व्यवस्थित हुआ मैदान
परिसर में डस्टबिन लगने व रंगरोगन के बाद फतेह मैदान पहले से ज्यादा व्यवस्थित हुआ। स्वयंसेवियों के रंगरोगन ने मैदान को खूबसूरत बना दिया है। जिसकी वजह से देर रात मैदान गुलज़ार रहता है। अब प्रतियोगिता से लोगों की रुचि फिर से मैदान की तरफ बढ़ेगी।