खैरागढ़ 00 छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के.पी. खाण्डे 28 जुलाई को जिला के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे और सर्किट हाउस में समाज प्रमुखों से भेट मुलाकात एवं चर्चा करेंगे और प्रेसवार्ता लेंगे। बैठक में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग, रायपुर के निर्देशानुसार आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त आर.एस. टंडन से मिली जानकारी के अनुसार आयोग के अध्यक्ष श्री के.पी. खाण्डे 28 जुलाई 2023 का दोपहर दोपहर 1ः30 बजे सर्किट हाउस में आगमन होगा लंच एवं विश्राम के पश्चात दोपहर 3 बजे कलेक्टर कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला सभागार में अधिकारियों की विभागवार समीक्षा बैठक लेंगे। सायं 5 बजे अनुसूचित जाति वर्ग के समाज प्रमुखों से भेट मुलाकात एवं चर्चा करेंगे और प्रेस कॉन्फ्रेंस लेंगे।
जिला स्तरीय अधिकारी होंगे बैठक में शामिल
आयोग अध्यक्ष विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर अनुसूचित जाति वर्ग के लिए विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करेंगे। इसके साथ अनुसूचित जाति वर्ग के लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी लेंगे। अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के विभिन्न मुद्दों पर समीक्षा लेंगे एवं आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। जिले में अनुसूचित वर्ग हेतु संचालित छात्रावास, आश्रमों में रहने वाले बच्चों की संख्या की जानकारी एवं शासन की योजनाओं पर विभागवार चर्चा की जाएगी। बैठक में कृषि, वन, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, मत्स्य, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन, उद्यान, श्रम, खाद्य सहित समस्त विभागों की समीक्षा होगी।