ख़ैरागढ़ 00 पूर्व पार्षद और एल्डरमेन मनराखन देवांगन ने शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक में भ्रष्टाचार के मामले में सभी की मिलीभगत की ओर इशारा कर दिया। देवांगन ने कहा कि कुर्सी खरीदी के मामले में भ्रष्टाचार का खुलासा होने के बावजूद जिस तरह से अध्यक्ष सहित दोनों दलों के पार्षद चुप्पी साधे हुए हैं। उससे साफ तौर पर संगठित भ्रष्टाचार का खुलासा हो रहा है। सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता ने देवांगन की बात का समर्थन करते हुए कहा कि कुर्सी खरीदी में भ्रष्टाचार हुआ है। और वे इसकी शिकायत कलेक्टर से कर चुके हैं। बैठक में पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा,उपाध्यक्ष रज्जाक खान,अजय जैन सहित पार्षद व एल्डरमेन सहित अन्य मौजूद रहे।
ना कार्यादेश निर्माण दिखाकर आहरित किए 1 लाख 90 हज़ार
मनराखन देवांगन ने आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक 02 पिपरिया में सड़क निर्माण के नाम पर 1 लाख 90 हज़ार रूपए आहरित किए गए हैं। जबकि इस तरह का न ही कार्य स्वीकृत हुआ है। और न ही किसी प्रकार का कोई कार्यादेश जारी किया गया है। देवांगन ने कहा कि वार्ड क्रमांक 01 से 20 के लिए 39 लाख रूपए मरम्मत के नाम पर ज़रूर स्वीकृत किए गए हैं। जिसे निर्माण दिखाकर आहरित किया गया है। साफ तौर पर उक्त निर्माण में भी गोलमाल किया गया है।
झूला खरीदी दिखाकर किया 9 लाख का हेर फेर
देवांगन ने आरोप लगाया कि हर काम में भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है। लगभग 8 लाख 98 हज़ार हर वार्ड में झूला खरीदी के नाम पर आहरित किए गए हैं। लेकिन किसी भी वार्ड में एक भी झूला नहीं लगा है। वार्ड क्रमांक 17 में यदि लगा भी है तो वह भी पार्षद निधि के माध्यम से लगाया गया है।
पालिका अध्यक्ष की कर्मचारियों को दो टूक
मामले से नाराज़ पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा ने कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा तुम लोगों की वजह से सुनना पड़ता है। वहीं उपाध्यक्ष रज्जाक खान ने भी कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि ठेकेदारों के साथ घूमना बंद करो। सुधर जाओ।काम करना हो तो करो,नहीं तो घर बैठ जाओ।