नाली के पानी में खड़े होकर विनय की पालिका को चेतावनी
ख़ैरागढ़ 00 रात भर की बारिश ने नगर पालिका के स्तरहीन व घटिया निर्माण कार्यों की पोल खोल दी है। वार्ड क्रमांक 16 में नाली का पानी सड़क में आ गया,जिसकी वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तो वार्ड क्रमांक 17 में राजनीति का अखाड़ा बन चुकी शहीद निकेश यादव चौंक से स्टॉप डेम तक की सड़क की बदहाली की परतें खुल गईं। पूरी सड़क कीचड़ से सन गई। नाली का पानी सड़क में आने के बाद वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनय देवांगन सामने आए गंदे पानी के बीच खड़े होकर नगर पालिका के तत्कालीन सीएमओ सूरज सिदार पर आरोप जड़ दिया,कहा - ख़ैरागढ़ लांजी मार्ग पर नाली निर्माण का काम एक माह पहले ही हुआ है। इसकी लागत लगभग 4 लाख 64 हज़ार रूपए है। नया नाली बनाया गया लेकिन पुराने नाली से नहीं जोड़ा गया जिसकी वजह से पानी सड़क में आ गया है।
सीएमओ ने अनसुना कर दिया सुझाव
विनय ने कहा कि जब नाली बन रहा था। तो वो कई बार सूरज सिदार के पास गए और बताया कि पुरानी नाली से नई नाली को नहीं जोड़ा जा रहा है बाद में दिक्कत होगी। लेकिन सीएमओ ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। और बात टालते हुए कहा कि बारिश से पहले पुरानी नाली से नाली जोड़ दिया जाएगा। पर अब तक नहीं जोड़ा गया। अब हालात ये है कि बारिश अगर ज्यादा हुई तो घरों में पानी घुसेगा।
पालिका में है ठेकेदारों का दबदबा
विनय ने आरोप लगाते हुए कहा कि पालिका में ठेकेदारों का दबदबा है। ठेकेदार मनमानी करते हैं। जिस पर अध्यक्ष का भी अंकुश नहीं है। अध्यक्ष ज्यादातर मामलों में मौन रहते हैं। न कोई सुझाव लेते हैं,न वार्ड भ्रमण करते हैं। जिसकी वजह से पालिका में व्यवस्था निरंकुश हो चुकी है।
दुरुस्त नहीं व्यवस्था,तो होगा आंदोलन
विनय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बारिश से पहले व्यवस्था दुरुस्त नहीं किया गया तो शहर के वार्डों की समस्या और भ्रष्टाचार को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। और पालिका का घेराव भी किया जाएगा।
लगातार उठाया सवाल - सूरज देवांगन,पूर्व पार्षद प्रत्याशी वार्ड क्रमांक 17,दाउचौरा
वार्ड क्रमांक 17 के पूर्व पार्षद प्रत्याशी सूरज देवांगन ने आरोप लगाया कि पालिका की पूरी व्यवस्था कमीशन खोरी की भेंट चढ़ चुकी है। वार्ड में सड़क निर्माण को लेकर वो लगातार सवाल उठाते रहे। बताया घटिया निर्माण हो रहा है। लेकिन किसी ने नहीं सुना। अब बारिश ने घटिया निर्माण की पोल खोल दी है।
निराधार हैं आरोप, सुधारी जाएगी गड़बड़ी - शैलेंद्र वर्मा,अध्यक्ष,नगरपालिका
मामले में नगरपालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा ने कहा कि आरोप निराधार हैं। लगातार निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां खामी है सुधारा जाएगा। नाली को जल्द सुधारा जाएगा।
कमीशन लेकर लगा रहे आरोप - मनराखन देवांगन,एल्डरमेन,नगरपालिका
एल्डरमेन मनराखन देवांगन ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण में कमीशन लिया गया,अब आरोप लगा रहे हैं। इस काम को उसी समय रोकना था। और निकेश यादव चौंक से लेकर सड़क काम मेरे समय स्वीकृत हुआ था। उसे उल्टा बना दिया गया है। जबकि सड़क इस तरफ से बनना था।
हुई है तकनीकी गलती,जल्द होगा सुधार - कुलदीप झा,प्रभारी सीएमओ
हाइवे में पानी भरने की शिकायत के बाद प्रभारी सीएमओ कुलदीप झा ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को बुलवाया और नाली निर्माण में हुई गलती को तुरंत सुधारने कहा। झा ने बताया कि कल से काम शुरू हो जाएगा। तकनीकी रूप नाली में खामी है। ढलान नाली की ओर करने के बजाय सड़क की ओर कर दिया गया है। जिसकी वजह से नाली का पानी सड़क में आ रहा है।जल्द सुधार लिया जाएगा।